राजेश कुमार, जिला संवाददाता
अहिरौली बाजार - कुशीनगर
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर गुरुवार को पेट्रोल भरवाने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में चाकूबाजी करने लगे, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसैना निवासी अजित कुमार (18) पुत्र अमरनाथ और बैरिया निवासी गोलू गौतम पुत्र बदामा प्रसाद पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच कुछ अज्ञात हमलावरों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अजित कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, गोलू गौतम का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Post a Comment