धर्मराज पांडेय, जिला संवाददाता
देवरिया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एडुलाइफ स्कूल, गायत्रीपुरम, पीडरा चौराहा में देशभक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एड. संतोष कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
एडुलाइफ स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम, देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्री पवन जायसवाल सहित विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इस अवसर पर दुर्गेश तिवारी, अभिषेक तंवर, अभिजित गोंड सहित अन्य गणमान्य लोग एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एड. संतोष कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि, “स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्राप्त हुई है। यह आजादी हमारे लिए केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। हमारा कर्तव्य है कि हम स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान दें।”
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार, कर्तव्यबोध और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज एवं विद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंजता रहा।



Post a Comment