नागेश तिवारी संवाददाता, सलोन
सलोन, रायबरेली। जनपद रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशगंज बाजार स्थित तिरंगा बाग के पास रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह लगभग 7 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सलोन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रघुपुर निवासी एक व्यक्ति के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी या नया तथ्य अभी तक सामने नहीं आया है, और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।
India 24 News TV/ Nagesh Tiwari, Salon (Raebareli)

Post a Comment