राजेश कुमार, विशेष संवाददाता कुशीनगर
कुशीनगर में गैस की पर्याप्त उपलब्धता के प्रशासनिक दावों के बावजूद सिलिंडर की कमी दूर नहीं हो पा रही है। शनिवार को गैस गोदाम और गैस एजेंसियों पर सुबह 4 बजे से लगे लाइन में लोगों को भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
पूर्ति विभाग के अनुसार, सिलिंडर लेने से पहले उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल फोन से नंबर से मिस्ड काल या संबंधित गैस एजेंसी पर रिफिल की बुकिंग कराना अनिवार्य है। बुकिंग के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के आधार पर दो से तीन दिन के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति होगी। गोदाम से सिलेंडर लेने के समय उपभोक्ता को यह ओटीपी बताना जरूरी होता है, लेकिन सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण कई बार ओटीपी या बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर गोदामों के बाहर भीड़ बढ़ती ही जा रही है।
कुशीनगर जनपद में लगभग 9 लाख 24 हजार 445 उपभोक्ता हैं, जिन्हें 96 गैस एजेंसियों के माध्यम से रसोई गैस उपलब्ध कराई जाती है। टीम के विशेष संवाददाता राजेश कुमार ने जब गैस एजेंसी मालिक से इसके बारे में जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, कई लोग बिना बुकिंग के ही गोदाम पहुंच जा रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। उपभोक्ताओं को पहले बुकिंग करानी चाहिए, तभी उन्हें समय से सिलेंडर मिल सकेगा।
दो दिन में वापस करें सिलिंडर वरना जब्त हो जाएगी प्रतिभूति राशि
DSO कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार किसी भी फंक्शन में चाहे शादी समारोह, उपनयन संस्कार अथवा अन्य आयोजनों के लिए संबंधित एजेंसी पर कार्यक्रम बीतने के बाद दो दिन में आवदेक वापस करें, वरना प्रतिभूति राशि जब्त हो जाएगी।
यह निर्देश शुक्रवार को जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने दिए। बताया कि आवेदकों को गैस एजेंसियों से कामर्शियल गैस सिलिंडर दिए जा रहे हैं, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के उपरांत खाली टंकी समय से वापस नहीं किए जा रहे हैं।
इस कारण गैस एजेंसियों को पुनः लोड प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति उपलब्ध कराने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसलिए प्रयोजन समाप्त होने के दो दिन में खाली टंकी संबंधित एजेंसी को वापस कर दें।
Post a Comment