राजेश कुमार जिला, संवाददाता
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 2 जून को कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज क्षेत्र में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री तमकुहीराज स्थित एनएचएआई पार्किंग ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे करीब 376 करोड़ रुपये की लागत वाली 271 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य जनहित से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हेलीपैड, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, मंच तथा सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है तथा सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे से कुशीनगर जनपद को विकास की कई नई सौगातें मिलेंगी और क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति मिलेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
Post a Comment