राजेश कुमार, जिला संवाददाता
सुकरौली-कुशीनगर: कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सांप के काटने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रितेश सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रितेश को घर के पास स्थित झोपड़ी में सांप ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा सुकरौली लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां समय पर उचित इलाज नहीं मिल सका। हालत बिगड़ने के बाद अंततः बालक की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल में समय रहते सही उपचार मिल जाता, तो रितेश की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा लापरवाही और अनुशासनहीनता की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।
परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
घटना से नाराज ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ आक्रोश जताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। फिलहाल, यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह प्रशासनिक जवाबदेही और चिकित्सा व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
Post a Comment