Top News

औरैया: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत, पति और दो मासूम बच्चे बाल-बाल बचे

गुरदीप सिंह, जिला संवाददाता

औरैया: अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और दो मासूम जुड़वां बेटे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर अटसू निवासी विशाल पोरवाल अपनी पत्नी मोहिनी पोरवाल (27 वर्ष) तथा अपने पांच वर्षीय जुड़वां बेटों आयांश और प्रयांश को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। जब उनका परिवार सिंह वाहिनी महाविद्यालय के पास बनी पुलिया के समीप पहुंचा, तभी अजीतमल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे महिंद्रा 265 ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही मां की सड़क हादसे में गई जान

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। पीछे बैठी मोहिनी पोरवाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि उनके पति और दोनों बच्चे सड़क किनारे मिट्टी में गिरने से सुरक्षित बच गए।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस की सहायता से मोहिनी पोरवाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल और पीड़ित परिवार के घर पर रिश्तेदारों, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के पति विशाल पोरवाल स्थानीय स्तर पर किराना व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनके बड़े भाई सोनू पोरवाल की टीवीएस मोटरसाइकिल एजेंसी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
india 24 news tv
india 24 news tv

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume