Top News

औरैया: विपक्षियों की धमकियों से दहशत में बुजुर्ग परिवार, पीड़ित का आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बावजूद भी नहीं मिल रहा न्याय

जिला संवाददाता, गुरदीप सिंह 

औरैया। जनपद औरैया की तहसील बिधूना, विकासखंड सहार एवं थाना दिबियापुर क्षेत्र के ग्राम अमौआहार निवासी एक बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि गांव के नामजद लोग लंबे समय से उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि वह किसी प्रकार का विवाद नहीं चाहता, इसलिए उसने पुलिस प्रशासन और उत्तर प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई। इसके बावजूद उसे अब तक राहत नहीं मिली है।

पीड़ित का आरोप—बिना जानकारी के शिकायत का निस्तारण


पीड़ित रामनरेश पुत्र भूरे सिंह ने बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि जांच अधिकारी ने बिना उनसे संपर्क किए और बिना वास्तविक जांच किए शिकायत का मनमाने ढंग से निस्तारण दर्शाते हुए आख्या लगा दी। पीड़ित का कहना है कि उन्हें इस निस्तारण की कोई जानकारी नहीं दी गई और न ही उनकी समस्या का समाधान हुआ।

11 जून की घटना का आरोप

शिकायत के अनुसार, 11 जून 2026 की रात लगभग 12 बजे अंकुर पुत्र राजेश, सुनील कुमार पुत्र सुरेश, कमल प्रताप पुत्र राजवीर, शिवपूजन पुत्र गुलाब सिंह तथा 8–10 अन्य अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने उनके मकान की पक्की दीवार तोड़ दी और उसी स्थान पर अपने पशु बांधने का प्रयास किया।

जब पीड़ित और उनके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि सभी ने मिलकर रामनरेश, उनकी पत्नी कमलेश कुमारी तथा उनकी लगभग 12 वर्षीय नाबालिग नातिन शैलवी के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पहले से दर्ज है मुकदमा

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने थाना दिबियापुर में शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं।

जान से मारने की धमकी का आरोप

रामनरेश का आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम हथियार, लाठी-डंडे लेकर गांव में घूमते हैं और समझौता न करने पर उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।

प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगाए गए निस्तारण की समीक्षा की जाए, आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
india 24 news tv
india 24 news tv

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume