जिला संवाददाता राजेश कुमार
कुशीनगर। जनपद के कसया थाना क्षेत्र के बापूनगर डिघवा बुजुर्ग स्थित पोखरा टोला में शुक्रवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव खेत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गौरव उर्फ गोलू भारती (19 वर्ष), पुत्र राजू प्रसाद, निवासी बापूनगर डिघवा बुजुर्ग के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, गौरव गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पूरी रात परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन शुक्रवार सुबह गांव के बाहर सेमरहना पोखरा के पास एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कसया थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) कसया डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल कॉल डिटेल तथा अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Post a Comment