भारतेंदु मणि त्रिपाठी
देवरिया। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सलेमपुर के पूर्व विधायक काली प्रसाद को भाजपा देवरिया का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में देवरिया सहित पांच जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई है।
काली प्रसाद भाजपा के वरिष्ठ एवं जमीनी नेता माने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत स्थानीय स्तर से की और संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 2017 से 2022 तक वे सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। पार्टी संगठन में जिला महामंत्री, क्षेत्रीय मंत्री तथा प्रदेश परिषद सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।
भाजपा नेतृत्व ने उनकी संगठन क्षमता, कार्यकर्ताओं से मजबूत संवाद और क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए इसे देवरिया भाजपा के लिए सकारात्मक निर्णय बताया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
काली प्रसाद की नियुक्ति को आगामी चुनावों के मद्देनजर भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ का लाभ पार्टी को जिले में मिलेगा।
إرسال تعليق