Top News

रेवदंडा में “ब्याज के जाल” का काला खेल

रायगढ़ जिला संवाददाता 

रायगढ़, महाराष्ट्र। अलिबाग के रेवदंडा और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों सूदखोरी और ब्याज पर पैसे देने के अवैध कारोबार ने गंभीर रूप ले लिया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आर्थिक तंगी, बीमारी, घरेलू संकट या व्यापार में नुकसान से परेशान आम लोगों को कुछ लोग अपने जाल में फंसा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि बाहर से आने वाले कुछ लोगों की भी सक्रिय भूमिका है। शुरुआत में जरूरतमंदों को “तुरंत पैसे” देने का लालच दिया जाता है, लेकिन बाद में बढ़ते ब्याज, ब्याज पर ब्याज और लगातार वसूली के कारण कई परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूटते जा रहे हैं।

गरीबों की मजबूरी पर खड़ा हो रहा पैसों का साम्राज्य, महिलाओं द्वारा धमकाकर वसूली की भी चर्चा

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई मामलों में दोपहिया वाहन, जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान गिरवी रखकर लेन-देन किया जाता है। समय पर पैसे न चुकाने पर गाली-गलौज, धमकी, सार्वजनिक रूप से अपमान और वाहन जब्त करने जैसी घटनाएं सामने आने की चर्चा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि कुछ मामलों में महिलाओं द्वारा भी सीधे धमकाकर किस्तों की वसूली की जा रही है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि केळकर स्टॉप, बाजार क्षेत्र और कुछ आंतरिक रास्तों पर ऐसे लेन-देन की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। दिन-रात चल रही इन गतिविधियों से नागरिकों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। साथ ही खुलेआम हफ्ता वसूली, दबाव बनाकर उगाही तथा अवैध रूप से विमल-गुटखा बिक्री होने की भी चर्चा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गरीबों की मजबूरी का फायदा उठाकर कुछ लोग भारी मात्रा में पैसा कमा रहे हैं और इस कारोबार में रोज लाखों रुपये की अवैध लेन-देन होने की बातें कही जा रही हैं। लगातार आर्थिक दबाव, बढ़ती किस्तों और मानसिक तनाव के कारण कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं तथा कुछ लोग पूरी तरह मानसिक रूप से टूटते जा रहे हैं।

क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि ब्याज के इस जाल में फंसकर कुछ लोग आत्महत्या जैसा कदम उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि जरूरत में लिया गया पैसा बाद में जीवनभर का फंदा बन जाता है। दूसरी ओर, रेवदंडा क्षेत्र में विमल, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों की अधिक कीमत पर खुलेआम बिक्री भी चिंता का विषय बनी हुई है। युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर अभिभावकों में नाराजगी है और अवैध बिक्री पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने जिला पुलिस अधीक्षक Aanchal Dalal से मांग की है कि रेवदंडा और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही इन अवैध गतिविधियों की गंभीरता से जांच कर संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

नागरिकों का कहना है कि पहले भी आर्थिक दबाव, कर्ज और मानसिक तनाव के कारण क्षेत्र में आत्महत्या जैसी घटनाओं की चर्चाएं सामने आती रही हैं। कई परिवारों के टूटने और आर्थिक संकट के चलते कुछ लोग गलत रास्तों की ओर बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। साथ ही इन पैसों के लेन-देन का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड या कानूनी पारदर्शिता न होने पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم
india 24 news tv
india 24 news tv

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume