Top News

कुशीनगर: फोरलेन पर आग का तांडव, शादी समारोह में खूनी संघर्ष, सड़क हादसे में कर्मचारी की मौत

राजेश कुमार, जिला संवाददाता 

कुशीनगर: गुरुवार को कुशीनगर और आसपास के क्षेत्रों से कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। एक ओर कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, तो वहीं पटहेरवा क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके अलावा पनियहवा-नेबुआ मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल सरकारी कर्मचारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

फोरलेन पर भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक और क्लीनर जिंदा जले

गोरखपुर। कुशीनगर से मक्का लादकर लखनऊ की ओर जा रहे एक ट्रक की गुरुवार सुबह करीब पांच बजे रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ ही क्षणों में उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के दौरान डंपर का चालक और क्लीनर वाहन के अंदर ही फंस गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं कुशीनगर से जा रहे ट्रक के चालक और खलासी ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हल्दी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर बवाल, 13 लोग घायल

पटहेरवा (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब हल्दी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात घर की महिलाएं और युवतियां डीजे पर नाच गाने कर रही थीं। इसी दौरान गांव के कुछ युवक भी वहां पहुंच गए और डांस करने लगे। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में चार महिलाओं समेत कुल 13 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बोलेरो की टक्कर से घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत

नेबुआ नौरंगिया। पनियहवा-नेबुआ मार्ग पर बेलवनिया बांध के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान शिवपूजन (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराजगंज जनपद में बाबू के पद पर कार्यरत थे। बताया जाता है कि वह बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवपूजन को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
india 24 news tv
india 24 news tv

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume