चन्द्रकिशोर जायसवाल
कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में मंगलवार करीब दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर माधोपुर-मंझरिया गांव के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यावती देवी महाविद्यालय वैष्णवी नगर की तीन छात्राएं एक ही स्कूटी से कॉलेज से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय निशा पुत्री ओमप्रकाश गिरी, निवासी सुकदेव पट्टी, थाना गोपालपुर, बिहार और 23 वर्षीय अनामिका पुत्री हरेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों छात्राओं के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। जबकि तीसरी छात्रा की पहचान 21 वर्षीय हदिशा खातून पुत्री हसन हुसैन, निवासी छपरा अहिरौली, थाना तरयासुजान के रूप में हुई हैं जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुही ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उसके बाद कॉलेज प्रशासन की मदद से निजी एंबुलेंस द्वारा परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद लग्जरी कार चालक ने मौके पर मौजूद एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी जिसकी पहचान 24 वर्षीय कमलेश यादव पुत्र जगदीश यादव, निवासी उदयपुर, थाना दातारामगढ़, सीकर, राजस्थान के रूप में हुई है। वह भी घायल हुआ और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू की
मामले में सीओ तमकुहीराज जयंत यादव के अनुसार दुर्घटना करने वाली लग्जरी कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों छात्राओं के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق