जिला संवाददाता गुरदीप सिंह
औरैया। जनपद की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी लोन ऐप का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिना किसी दस्तावेज के तत्काल लोन दिलाने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वह पीड़ितों से APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लेता था और मोबाइल में मौजूद फोटो, वीडियो, संपर्क सूची व अन्य निजी जानकारी चोरी कर ब्लैकमेल करते हुए अवैध वसूली करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹1,840 नकद, 19 सिम कार्ड, 5 मोबाइल फोन, 3 आधार कार्ड तथा 2 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं।
जांच के दौरान बरामद सिम कार्डों से जुड़े मोबाइल नंबरों पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) में देश के विभिन्न राज्यों से 32 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। इससे आरोपी के व्यापक साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपी के पूरे नेटवर्क, उसके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, APK फाइल या बिना सत्यापन वाले लोन ऐप को डाउनलोड न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

إرسال تعليق