चंद्रकिशोर जायसवाल
नांदेड़-महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के विशाल जखीरे का खुलासा किया है। वजीराबाद इलाके के रामदास नगर स्थित एक मकान पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने हजारों की संख्या में तलवार, खंजर, कोयता और अन्य धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस को इस कार्रवाई की जानकारी एक गुप्त मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही नांदेड़ ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम ने योजना बनाकर मकान पर छापा मारा। घर के अंदर पहुंचते ही पुलिसकर्मी भारी मात्रा में हथियार देखकर हैरान रह गए। तलाशी के दौरान पूरे मकान से बड़ी संख्या में धारदार हथियार जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल 4,796 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियारों का एक जगह मिलना बेहद गंभीर मामला है।
इस मामले में पुलिस ने 50 वर्षीय जसवंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमनी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हथियार बिक्री के उद्देश्य से जमा किए गए थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों की सप्लाई अलग-अलग इलाकों में की जानी थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए तथा किन लोगों तक पहुंचाए जाने वाले थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
إرسال تعليق