Top News

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने गंवाई जान, ट्रेन से कटकर हुई मौत, गांव में पसरा मातम

 राजेश कुमार, जिला संवाददाता

कुशीनगर: कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले युवक की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई। बोदरवार-सुधियानी रेलवे ढाला के पास जननायक एक्सप्रेस की चपेट में आने से 39 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान पोखरभिंडा नं. 1 टोला भगवानपुर निवासी किशुनधारी गुप्ता के बड़े पुत्र रविन्द्र गुप्ता के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार दोपहर पत्नी से कहासुनी के बाद रविन्द्र घर से निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रविन्द्र के रूप में की। बेटे का शव देखते ही मां सुकुला देवी और पिता किशुनधारी गुप्ता बेसुध होकर गिर पड़े। परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

बताया जा रहा है कि रविन्द्र कर्नाटक में टाइल्स मिस्त्री का कार्य करता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके परिवार में पत्नी उर्मिला सहित तीन छोटे बच्चे—अमृता (13 वर्ष), अंशिका (8 वर्ष) और आनंद (6 वर्ष) हैं। परिवार की स्थिति को लेकर गांव में गहरा दुख व्याप्त है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह हादसा था या आत्महत्या, इसको लेकर विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


Post a Comment

أحدث أقدم
india 24 news tv
india 24 news tv

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume